home page

एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में हिंदी सप्ताह के तहत निबंध प्रतियोगिता आयोजित

 | 
एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में हिंदी सप्ताह के तहत निबंध प्रतियोगिता आयोजित


हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में 9 से 15 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय हिंदी दिवस एवं हिंदी सप्ताह के तहत तीसरे दिन निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों, दायित्वों और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने मौलिक विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता के लिए ‘भारतीय लोकतंत्र में अधिकार एवं दायित्वों के मध्य सामंजस्य’ तथा ‘महिला सशक्तिकरणकृअधिकार एवं दायित्व’ विषय निर्धारित किए गए थे। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, विधिक सहायता प्रकोष्ठ, नशा विरोधी प्रकोष्ठ, हिंदी विभाग एवं मानक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष महंत डॉ. रवीन्द्र पुरी महाराज ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने लोकतंत्र में अधिकारों और कर्तव्यों के संतुलन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे तो लोकतांत्रिक व्यवस्था अधिक मजबूत और प्रभावी बनती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होने के साथ ही उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता में अपराजिता (एम.ए. हिंदी) और आकृति जरारे (बी.कॉम. तृतीय सेमेस्टर) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। खुशी उपाध्याय (बी.ए.) और कशिश (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि लक्ष्मी सक्सेना (बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओमिशा (बी.ए.) को सांत्वना पुरस्कार तथा खुशी शर्मा को विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. सरोज शर्मा एवं डॉ. लता शर्मा ने निभाई।

प्रतियोगिता में अलीना, सोनाक्षी, ओमिशा, मंथन, हिमांशी, संध्या पांडे, रोहित वरियाल, वैशाली, मनीष, गजल, कशिश सैनी, सलोनी, दीपा, पलक, तरुण, प्रकृति शर्मा, मानसी, प्रिया रावत, एंजला विन्सेट, अनुज, सोनी खन्ना, प्रीति, आयुषी, दीपिका जोशी एवं ललिता शाह सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम को सफल बनाने में हिंदी विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. आशा शर्मा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. रेनू सिंह एवं डॉ. अनुरिषा का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला