शादी समारोह में फूड प्वाइजनिंग,13 बाराती अस्पताल भर्ती
टिहरी, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के टिहरी जिले के चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव में शादी समारोह में शामिल हुए कई लोग फूड पाईजनिंग का शिकार हो गये। जिनमें ज्यादा प्रभावित 13 लोगों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कर इलाज दिया गया है। जिनकी स्थिति अब सामान्य है जबकि जिला अस्पताल में सामान्य रूप से प्रभावित 20 लोगों को दवा देकर घर भेज दिया है।
इस शादी में शामिल फूड पाईजनिंग से सामान्य रूप से प्रभावित 20 से 25 लोगों ने चंबा के निजी अस्पताल से दवा ली है। यह सभी अब ठीक बताये गये हैं। मामले में खाद्य संरक्षा विभाग ने कार्यवाही करते हुए शादी के आयोजन स्थल गणपित होटल का फूड लाइसेंस निरस्त किया है।
जानकारी के अनुसार बीते 13 व 14 अप्रैल को चंबा ब्लाक के ढरसाल गांव निवासी अमरदेव बैलवाल की पुत्र शिवानी की शादी बादशाही थौल के रानीचौरी रोड स्थित होटल गणपति में आयोजित हुई। जिसमें बड़ी संख्या में ढरसाल गांव के लोगों ने रिश्तेदारी में आये जुगड़ गांव के लोगों ने शिरकत की।
शादी में शिरकत हुए लोगों में से पांच लोगों की हालत बीते बुधवार को खराब हुई। जिन्हें बीते दिवस की शाम को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसके बाद गुरूवार को भी ज्यादा बीमार होने पर 8 अन्य लोगों को जिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनको जिला अस्पताल में इलाज दिया गया है।
सीएमएस डा अमित राय का कहना है की फूड पाईजनिंग की वजह से बीमार 13 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जिनकी स्थिति अब सामान्य है। इसके अलावा फूड प्वाईजनिंग से सामान्य रूप से प्रभावित 20 लोगों को दवा देकर घर भेजा गया है। ढरसाल गांव के प्रधान बुद्धि प्रसाद भट्ट का कहना है कि इसके अलावा दर्जनों कई अन्य लोग फूड पाईजनिंग से सामान्य रूप से प्रभावित हुए। इन 20 से 25 लोगों ने चंबा के निजी अस्पतालों से दवायें ली। जिनकी स्थिति अब ठीक है।
ग्रामीणों में पूजा, सरोजनी व जयप्रकाश ने आशंका यह भी जाहिर की है कि जिस गणपति होटल में शादी का आयोजन किया गया था। उसके निकट टैंक का पानी पीने व खाने के लिए इस्तेमाल किया गया था। जो गंदा महसूस हो रहा था। इस पानी की वजह से फूड पाईजनिंग की आशंका है। बीमार होने वालों में अधिकतर महिलाएं है। अधिकतर महिलाओं ने गोलगप्पे खाये थे। संभवत दूषित पानी और उससे बने गोलगप्पे का पानी पीने से लोग बीमार हुए हैं। जबकि
मामले में सीएमओ डा श्याम विजय ने बताया कि प्रथम दृष्टया खाने में इस्तेमाल दूध के आईटमों से फूड पाईजनिंग का मामला प्रतीत हो रहा है। जिसे दिखाया जा रहा है। इसके अलावा टैंके पानी की जांच को जल संस्थान को कहा गया है। होटल का फूड लाइसेंस निरस्त, सैम्पल लिये चम्बा। फूड पॉइजनिंग से ग्रामीणों के बीमार होने की घटना के बाद खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने बादशाहीथौल में रानीचौरी रोड़ स्थित होटल से खाद्य सामग्री के सैम्पल लिये। हालांकि टीम को शादी का खाना नहीं मिला। विभाग ने होटल का फूड लाइसेंस भी निरस्त कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा अभिहित अधिकारी डा प्रमोद रावत ने बताया कि फूड पॉइंजनिंग की घटना के बाद टीम को होटल में सैंपल लेने के लिए भेजा गया। होटल गणपति पैलेस का फूड लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। होटल में शादी के लिये जिस टैंकर से पानी लाया गया था, उसकी जांच के लिए भी जल संस्थान को बोला गया है।
फूड प्वाईजनिंग के कारण जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती मरीज, जिनकी हालत अब सामान्य है- चंबा ब्लाक के ढरसाल गांव से शालू देवी (82), पूजा (38), मानसी (17), सृष्टि (19), समां (55), कविता (42), सरोजनी (42), रेखा (35), आकृति (10), जय प्रकाश (42) और जुगड़ गांव से वृहस्पति (50), हेमवंती (55), संगीता (44) आदि शामिल हैं। इन सभी के इलाज के बाद अब हालात सामान्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

