home page

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल समेत पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 | 
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल समेत पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट


देहरादून, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आज कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पर्वतीय जिलों और ऊधमसिंह नगर में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है। इसी के साथ 17 जुलाई को राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 18 और 19 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर तथा 19 जुलाई को नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क अवरुद्ध होने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

राजधानी देहरादून में गुरुवार सुबह से धूप निकलने के कारण उमस का असर बना हुआ है। हालांकि आसमान में काले बादलों की आवाजाही भी जारी है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिन में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उमस और बादलों के कारण लोगों को गर्मी का भी एहसास हो रहा है।

इस बीच, केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश की सभी प्रमुख नदियां फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं और कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि आयोग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

वहीं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, एक राज्य राजमार्ग, 10 प्रमुख जिला मार्ग, 41 अन्य जिला मार्ग तथा एक बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) मार्ग सहित कुल 54 सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक 18 सड़कें चमोली जिले में बंद हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ में 11, रुद्रप्रयाग में 10, उत्तरकाशी में पांच, बागेश्वर में तीन, टिहरी और नैनीताल में दो-दो तथा देहरादून, चम्पावत और पौड़ी में एक-एक सड़क बंद है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय