उत्तराखंड में अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, 2-3 दिन बाद गिरेगा तापमान
देहरादून, 28 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले दो से तीन दिन तक गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इस अवधि में अधिकतम तापमान में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद अगले दो से तीन दिन में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
राजधानी देहरादून में रविवार सुबह तेज और तीखी धूप के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दोपहर करीब 12 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादल छा गए और हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव के बाद शहर के कई इलाकों में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी का दौर जारी है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और तेज से अति तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है।
पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से काफी अधिक रहा। देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन से चार दिनों के दौरान उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

