उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार
देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। राज्य के 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग के सोमवार को जारी बुलेटिन के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए ‘वॉच’ जारी किया गया है। विभाग ने 23 और 27 मार्च को इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर विशेष चेतावनी भी जारी की है। राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बादल विकसित होने और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पूर्वानुमान के अनुसार 23 मार्च को पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं। 24 और 25 मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है और मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। 26 और 27 मार्च को एक बार फिर मौसम सक्रिय हो सकता है और पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा व बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
तापमान के संदर्भ में पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम से सामान्य के बीच रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। आगामी 3 से 4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

