home page

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, आज ऊंचाई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना

 | 
उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, आज ऊंचाई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना


देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में आज फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

शुक्रवार को मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बारिश और 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गर्जन के साथ बारिश की संभावना है।

पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन के साथ तूफान आने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तापमान के रुझान पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक रहा। अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

राजधानी देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादलयुक्त रहेगा। कुछ क्षेत्रों में बहुत हल्की से हल्की बारिश, गर्जन के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय