उत्तराखंड में बारिश से जनजीवन प्रभावित, नैनीताल में पेड़ गिरने से दो घायल
-उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून, 10 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। शुक्रवार सुबह से राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने के साथ अत्यधिक तीव्र वर्षा का दौर पड़ सकता है। शेष पर्वतीय जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने औए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। यात्रियों को मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में भगवानपुर में 232 मिमी, रुड़की में 190 मिमी, कीर्तिनगर में 140 मिमी, पुरोला में 80 मिमी, मसूरी में 74.1 मिमी, बड़कोट में 72 मिमी तथा लक्सर में 70 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इस बीच नैनीताल में लगातार बारिश के बीच गुरुवार देर रात हाईकोर्ट के समीप न्यू पैवेलियन होटल के पास एक विशालकाय पेड़ गिरने से दो राहगीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
रेस्क्यू टीम ने पेड़ हटाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया। घायलों की पहचान अब्दुल वाशिद्ध (58) और दीवान चंद्र आर्या (32) के रूप में हुई है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

