home page

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

 | 
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी


देहरादून, 28 अगस्त (हि.स.)। मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछार की संभावना जताई है। वहीं, कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली के साथ तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम से सामान्य तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से कम से सामान्य रहा। शुक्रवार सुबह देहरादून का न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस, पंतनगर का 25, मुक्तेश्वर का 16.1 और नई टिहरी का 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सुबह 8.30 बजे के बाद चमोली के देवाल में 123 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि खानपुर में 64.5, चैल्थी में 57, थराली में 53, बस्तिया में 46 और जखोली में 37.5 मिमी बारिश हुई। शामा में 25, पोखरी में 35 और विकासनगर में 25 मिमी बारिश दर्ज की गई।

देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार के एक-दो दौर होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय