home page

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

 | 
उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट


देहरादून, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार को आसमान बादलों से घिर गया और बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के चलते मौसम में ठंडक महसूस की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के विभिन्न जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। वहीं, अल्मोड़ा, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। 17 से 19 अक्टूबर तक किसी विशेष मौसमी चेतावनी का उल्लेख नहीं किया गया है।

मौसम में बदलाव और संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। ओलावृष्टि से खड़ी फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान घरों के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है। खुले में खड़े वाहनों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

--+--

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय