सुमननगर में जल निकासी युद्धस्तर पर, चार गलियां जलमुक्त
हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। लगातार बारिश से जलभराव की समस्या से जूझ रहे सुमननगर में जिला प्रशासन ने जल निकासी अभियान तेज कर दिया है। आपदा प्रबंधन विभाग, तहसील प्रशासन, सिंचाई, पंचायत सहित संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं। प्रशासन के प्रयासों से सुमननगर की गली संख्या 1, 2, 4 और 5 से पानी की निकासी कर उन्हें जलमुक्त कर दिया है, जबकि गली संख्या-3 में जल निकासी का काम अभी जारी है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि एक सितंबर से लगातार हो रही बारिश के कारण सुमननगर की कई गलियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने पंप सेट, टैंकर, ट्रैक्टर और ट्रैक्टर पंप सेट लगाकर लगातार पानी बाहर निकालने का काम शुरू किया। जल निकासी को गति देने के लिए जेसीबी की मदद से बन्दा नंबर-2 को काटा गया। इसके साथ ही सुमननगर से लगी सुखी नदी तक अस्थायी नाली बनाकर पानी के बहाव का रास्ता तैयार किया गया। इससे प्रभावित गलियों से पानी निकालने में मदद मिली।
प्रशासन द्वारा तीन स्तरों पर जल निकासी की व्यवस्था की गई है। सक्शन मशीनों से पानी खींचा जा रहा है, पंप सेट के माध्यम से जलभराव वाले स्थानों से पानी बाहर निकाला जा रहा है, जबकि जेसीबी से नालियों की खुदाई और सफाई कर जल निकासी के रास्तों को सुचारु किया जा रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, कानूनगो, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ सहित संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

