home page

(संसोधित) गीले-सूखे कचरे के अलग निस्तारण पर जोर

 | 
(संसोधित) गीले-सूखे कचरे के अलग निस्तारण पर जोर


हरिद्वार, 25 मई (हि.स.)। जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा एवं ठोस अपशिष्ट के उचित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा एवं ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को साफ-सफाई व्यवस्था का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कहा गया कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाए। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और पंचायतीराज विभाग को क्षेत्रवार कार्ययोजना बनाकर नियमित सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए।

उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में निकलने वाले कूड़े के उचित निस्तारण के लिए ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से प्लास्टिक कचरा, मेडिकल वेस्ट, सेनेटरी नैपकिन और डायपर के निस्तारण के लिए कूड़ा वाहनों में चार अलग-अलग कंटेनर रखने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले अपशिष्ट का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

नोडल अधिकारी स्वच्छता को सभी विभागों से प्रतिदिन सफाई कार्यों की रिपोर्ट प्राप्त करने तथा रिपोर्ट न देने वाले विभागों की सूची तैयार कर कार्रवाई के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने आमजन से भी सफाई अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता संबंधी सुझाव अथवा शिकायत विकास भवन में स्थापित स्वच्छता कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 8273371714 पर दर्ज कराई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है और यहां स्थित हर की पौड़ी पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी रुड़की हर गिरी, एसएलओ आकाश जोशी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय