home page

घर में घुसकर की फायरिंग, हत्या के प्रयास में वांछित आरोपित समीर गिरफ्तार

 | 
घर में घुसकर की फायरिंग, हत्या के प्रयास में वांछित आरोपित समीर गिरफ्तार


हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपित को लक्सर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 10 जून को लक्सर क्षेत्र के लक्सरी गांव में हुए विवाद के संबंध में जावेद पुत्र शमसाद निवासी वार्ड नंबर-5, लक्सरी ने कोतवाली लक्सर में तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि समीर उर्फ आशु समेत पांच लोगों ने एक राय होकर उसके घर में घुसकर उसके तथा उसके माता-पिता पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और धमकी दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित समीर उर्फ आशु पुत्र रहीश निवासी लक्सरी, थाना लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व आरोपी की मां और बहन के साथ गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने भाई के साथ जावेद के घर पहुंचा और कथित तौर पर फायरिंग कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला