home page

दोहरे नाम वाले मतदाताओं की डीएसई से होगी पहचान

 | 
दोहरे नाम वाले मतदाताओं की डीएसई से होगी पहचान


-मतदाता सूची की त्रुटियां सुधारने के लिए 11 दिसंबर तक चलेगा अभियान

देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में मतदाता सूची में दो स्थानों पर नाम दर्ज कराने वाले मतदाताओं को डीएसई (डुप्लीकेट समान प्रविष्टि) के माध्यम से चिह्नित कर नियमानुसार जांच की जाएगी। वहीं, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम, पते और अन्य विवरणों की त्रुटियां सुधारने के लिए 11 दिसंबर तक निरंतर अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में राजनीतिक दलों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रगति से अवगत कराया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने के लिए दावा और आपत्ति दर्ज करने की अवधि तक अभियान जारी रहेगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि मतदाताओं के नाम और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से भी फार्म-8 भरवाएं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे मतदाता जिनके नाम दो स्थानों पर दर्ज हैं, उन्हें डीएसई के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार जांच कर ऐसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

डॉ.पुरुषोत्तम ने बताया कि 12 नवंबर 2026 से शुरू हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक लगभग 50 हजार फार्म-6, आठ हजार फार्म-7 और 43 हजार फार्म-8 प्राप्त हो चुके हैं।

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा के राजकुमार पुरोहित और अरविंद जैन, कांग्रेस के मनोज रावत, बसपा के सतेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी के सीपी सिंह और माकपा के अनंत आकाश उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय