उत्तराखंड में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, ड्राफ्ट सूची में 72.78 लाख मतदाता शामिल
-11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का मौका, चार जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
देहरादून, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की शुरुआत हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसमें प्रदेश के कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता हैं। इनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में इनकी कुल संख्या 12,498 हो गई है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में चार से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से नाम हटाने के लिए प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ऐसे पात्र नागरिक, जिनके नाम किसी कारणवश ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, 11 दिसंबर तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन और ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों और बीएलओ के माध्यम से भी मतदाता सूची का अवलोकन किया जा सकता है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है, जबकि जनपद स्तर पर हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश में तीन अक्टूबर 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिलाएं, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। नई ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इनकी सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया 28 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

