मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 8 अक्टूबर से विशेष अभियान
देहरादून, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में मतदाता सूची में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए आठ अक्टूबर से विशेष अभियान शुरू होगा। इसके तहत 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और उनसे फार्म-6 भरवाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि विशेष अभियान प्री-एसआईआर और एसआईआर प्रक्रिया के तहत चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार करेंगे।
उन्होंने बताया कि बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की मतदाता सूची से मिलान करेंगे। इस दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पूर्व की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। चिन्हित मतदाताओं के घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति का सत्यापन किया जाएगा और पात्र पाए जाने पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि घर-घर सत्यापन के दौरान उन युवाओं के भी फार्म-6 भरवाए जाएंगे, जो एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और मतदाता बनने के लिए पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा। बीएलओ द्वारा तैयार बूथवार सूची बीएलए के साथ साझा की जाएगी। प्रक्रिया के अंतिम चरण में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने का अवसर मिल सके।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

