home page

234 वोट कटने पर भड़के ग्रामीण, विधायक ने संभाला मोर्चा

 | 
234 वोट कटने पर भड़के ग्रामीण, विधायक ने संभाला मोर्चा


हरिद्वार, 18 अगस्त (हि.स.)। लक्सर मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव में एसआईआर प्रक्रिया के तहत 234 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सत्यापन के दौरान कई जीवित लोगों को मृतक दर्शा दिया गया, जबकि गांव में रह रहे कुछ लोगों को पलायन कर चुका बताकर सूची से बाहर कर दिया गया। मामला तूल पकड़ने के बाद सोमवार दोपहर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत गांव पहुंचीं और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली।

बूथ 162 और 163 पर 234 नाम हटाने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 162 और 163 पर कुल 234 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सत्यापन के दौरान कुछ मतदाताओं के नाम के सामने मृतक और कुछ के सामने गांव में निवास नहीं करने की रिपोर्ट दर्ज की गई। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जो लोग जीवित हैं और आज भी गांव में रह रहे हैं, उन्हें मृतक या पलायन कर चुका व्यक्ति किस आधार पर घोषित किया गया? ग्रामीणों ने बूथ स्तर पर हुए सत्यापन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

बैठक में पूर्व ग्राम प्रधान ताहिर हसन, ग्राम प्रधान इस्तकार सहित सलीम खान, मेहरबान, गुलजार, दिलशाद, संदीप सैनी, यूनुस, मुजम्मिल, सलमान, शाहिद, मोहम्मद, यूसुफ और परवेज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने कहा कि मतदाता सूची से पात्र लोगों के नाम हटना बेहद गंभीर मामला है। इससे लोगों के मताधिकार पर सीधा असर पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि सत्यापन प्रक्रिया की जांच कर गलत रिपोर्टिंग के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल किए जाएं।

विधायक बोली, डीएम के सामने उठाएंगी मामला

ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ संख्या 162 और 163 पर 234 वोट काटे जाने का मामला उनके संज्ञान में आया है।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही हरिद्वार जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले को उनके सामने रखेंगी और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बरकरार रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम बने रहना पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। यदि सत्यापन के दौरान कहीं गलत रिपोर्टिंग हुई है तो उसकी जांच कराई जानी चाहिए।

234 मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बाद मोहम्मदपुर कुन्हारी में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विधायक की बैठक के बाद मामला अब प्रशासनिक स्तर पर भी पहुंच गया है। ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन की जांच और इस पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला