home page

आपदा प्रभावित डोबरा गांव पहुंचे गणेश गोदियाल, क्षतिग्रस्त भवनों का लिया जायजा

 | 
आपदा प्रभावित डोबरा गांव पहुंचे गणेश गोदियाल, क्षतिग्रस्त भवनों का लिया जायजा


पौड़ी गढ़वाल, 29 सितंबर (हि.स.)। आपदा के बाद ग्राम डोबरा में बने हालात का जायजा लेने कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल गांव पहुंचे। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त भवनों का मौके पर निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा और समस्याओं को करीब से जाना। ग्रामीणों ने उन्हें आपदा के कारण हुए नुकसान, आवासीय भवनों की स्थिति और सामने आ रही परेशानियों से अवगत कराया।

गोदियाल ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से वार्ता कर क्षति का शीघ्र आकलन कराने, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित ग्रामीणों को सरकारी सहायता के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को मौके पर जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

गोदियाल ने कहा कि विषम परिस्थितियों में ग्रामीणों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि राहत और पुनर्वास से जुड़े मामलों को लेकर प्रशासन के समक्ष उनकी आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह