home page

जनता दर्शन में मामला पहुंचा तो प्रशासन ने दिखाई तत्परता, दो लोगों को मिला विशेषज्ञ उपचार

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 25 सितंबर (हि.स.)।मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे दो लोगों को जिला प्रशासन की पहल से समय पर विशेषज्ञ उपचार मिल सका। विकासखंड कोट के ग्राम खोन निवासी महिला का मामला ग्राम प्रधान ने जनता दर्शन में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के सामने रखा।

जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के बाद महिला को राज्य मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, सेलाकुई भेजा गया। प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के समन्वय से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित सेलाकुई पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति अब स्थिर है।

इसी तरह कुलदीप को भी जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 सितंबर को सेलाकुई स्थित राज्य मानसिक स्वास्थ्य संस्थान भेजा गया था। विशेषज्ञ उपचार के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ और स्थिति स्थिर होने पर उन्हें वापस जनपद लाया गया। अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में समय पर प्रकरण सामने आने और विभागों के समन्वय से उपचार व सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समेत जनसामान्य से जुड़े मामलों में प्रशासन संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है और जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों के सहयोग से उपचार व आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह