home page

विकसित भारत-जी राम जी योजना से गांवों के विकास को मिलेगी नई गति : सीडीओ

 | 
विकसित भारत-जी राम जी योजना से गांवों के विकास को मिलेगी नई गति : सीडीओ


हरिद्वार, 05 सितंबर (हि.स.)। विकास भवन सभागार रोशनाबाद में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी विकसित भारत-जी राम जी योजना को लेकर बैठक आयोजित हुई। सीडीओ ने कहा कि इस योजना के तहत जल सुरक्षा एवं संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन से निपटने पर विशेष फोकस रहेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक विभागीय योजनाओं को इस योजना से जोड़कर ग्रामीण विकास कार्यों को गति दी जाए।

उन्होंने सिंचाई और लघु सिंचाई विभाग को प्रत्येक गांव में सिंचाई सुविधा के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। ग्रामीणों की आय बढ़ानेन के लिए भेषज विभाग और जड़ी-बूटी शोध संस्थान को चंदन व आंवला पौधरोपण, उद्यान विभाग को ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी और मशरूम उत्पादन, रेशम विभाग को शहतूत वृक्षारोपण व मत्स्य विभाग को मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वावलंबी गांव मॉडल विकसित करने पर जोर दिया गया, जहां स्थानीय स्तर पर आय के स्थायी स्रोत बनें। इसके लिए जल संचय, सिंचाई, जल निकासी, नर्सरी निर्माण और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कूड़ा प्रबंधन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। सीडीओ ने कहा कि विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि गांव आत्मनिर्भर बनें।बैठक में जिला विकास अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी सहित कृषि, भेषज, उद्यान, रेशम, मत्स्य, पंचायतीराज, सिंचाई, लघु सिंचाई, पशुपालन, डेयरी, बाल विकास, स्वजल और जड़ी-बूटी शोध संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला