home page

बीएचईएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ

 | 
बीएचईएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार बीएचईएल हरिद्वार में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने मुख्य प्रशासनिक भवन परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यसंस्कृति और नैतिक मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक कर्मचारी की सजगता, ईमानदारी और पारदर्शिता संगठन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागाध्यक्षों के माध्यम से कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा की शपथ ली। कार्यक्रम में कर्मचारियों को प्रेरित करने के लिए राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय सतर्कता आयोग के संदेश भी पढ़कर सुनाए गए।

इस दौरान महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा विभिन्न यूनियनों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला