home page

इंस्टाग्राम पर सूट ऑर्डर करना पड़ा महंगा, साइबर सेल ने वापस दिलाए 34 हजार रुपये

 | 
इंस्टाग्राम पर सूट ऑर्डर करना पड़ा महंगा, साइबर सेल ने वापस दिलाए 34 हजार रुपये


हरिद्वार, 08 जुलाई (हि.स.)। इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन सूट ऑर्डर करने के दौरान एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई हालांकि समय रहते शिकायत दर्ज कराने और हरिद्वार साइबर सेल की सक्रियता से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ठगी गई रकम में से 34,012 वापस दिला दिए।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखकर ऑनलाइन सूट ऑर्डर किया था। कुछ समय बाद एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि ऑर्डर काफी महंगा है और उसकी पुष्टि के लिए कुछ अतिरिक्त धनराशि जमा करनी होगी, जो बाद में वापस कर दी जाएगी।

ठग की बातों में आकर महिला ने बैंक खाते से 35,998 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब रकम वापस नहीं मिली तो उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल हरकत में आई और विभिन्न माध्यमों से लगातार प्रयास करते हुए ठगी गई राशि में से 34,012 वापस करवाई।

राशि वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली। शिकायतकर्ता के पति ने साइबर सेल कार्यालय पहुंचकर पूरी टीम का आभार व्यक्त किया और उनकी तत्परता की सराहना की।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि रिकवर कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला