home page

कुंभ 2027 से पहले वेंडिंग जोन को लेकर नगर निगम सख्त, अतिक्रमण पर चेतावनी

 | 
कुंभ 2027 से पहले वेंडिंग जोन को लेकर नगर निगम सख्त, अतिक्रमण पर चेतावनी


हरिद्वार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला 2027 से पहले सरकार के निर्देश पर नगर निगम ने रेहड़ी-पटरी व्यवस्थापन तेज कर दिया है। उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति के तहत नगर आयुक्त नंदन कुमार ने शुक्रवार को ललतारौ पुल-चंडी चौराहा मार्ग पर बने प्रथम वेंडिंग जोन का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सभी लाभार्थियों को निर्धारित सीमा में ही कारोबार करने और अतिक्रमण न बढ़ाने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अनुबंध की शर्तों का पालन करना होगा और जोन में तंबाकू, गुटखा व प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री नहीं होगी। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को वेंडिंग जोन की सीमा निर्धारण, फर्श के पुनर्निर्माण और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर निगम द्वारा विकसित तीन वेंडिंग जोन में सीसीटीवी, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के निकट विकसित हो रहे पांचवें वेंडिंग जोन के लाभार्थियों को सूचीबद्ध कर कारोबार की अनुमति देने और पंतद्वीप पार्किंग, विष्णु घाट, ललतारौ घाट के पूर्व पंजीकृत वेंडरों को छठे जोन के रूप में व्यवस्थित करने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान शिव सिंह चौहान, मोहनलाल, मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, सोनू कुमार, कमल सिंह, उज्जवल सिरोही समेत निगम के कई कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला