home page

हरिद्वार नगर निगम ने वेंडिंग जोन में खींची लाल लकीर

 | 
हरिद्वार नगर निगम ने वेंडिंग जोन में खींची लाल लकीर


हरिद्वार, 24 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार नगर निगम ने शहर के तीनों वेंडिंग जोनों में अनुशासन सख्त किया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर संयुक्त कमेटी ने प्रथम वेंडिंग जोन में कियोस्क के आगे 6 फुट की सीमा तय कर लाल पट्टी से निशान लगाए।

इस दौरान लघु व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने बरसात को देखते हुए कियोस्क के आगे 3 फुट का छज्जा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि छज्जा न होने से दुकानों में पानी भर रहा है और व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। साथ ही सभी वेंडिंग जोनों में बिजली, पानी, शौचालय, चौकीदार और सीसीटीवी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।

चोपड़ा ने कहा कि नगर में 2545 स्ट्रीट वेंडर्स पंजीकृत हैं। कांवड़ मेले में लाइसेंसधारी सभी वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान देकर प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना का लाभ दिया जाए। इस दौरान फेरी समिति सदस्य सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, कमल, तस्लीम, मोहनलाल, जय सिंह बिष्ट, मनीष शर्मा, सुरेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला