पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर, 9 बाइक और पार्ट्स बरामद
हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की 09 मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं।
आरोपित अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, किरवी चौक पर सिडकुल पुलिस ने चेकिंग के दौरान इस वाहन चोर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित जिस मोटरसाइकिल को चला रहा था, वह चोरी की थी और उसके संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज था। सख्ती से पूछताछ की तो उसने वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी दी।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने एक बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई आठ अन्य मोटर साइकिलें व एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए। आरोपित चोरी की बाइकों को इसी सुनसान फैक्ट्री परिसर में छिपाकर रखते थे।
गिरफ्तार आरोपित श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, उम्र 30 वर्ष के खिलाफ हरिद्वार के लक्सर, बहादराबाद, सिडकुल और कलियर थानों के अलावा देहरादून के डोईवाला तथा उत्तर प्रदेश के देवबंद थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित के खिलाफ लक्सर और देवबंद में गैंगस्टर एक्ट के मामले भी दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अब आरोपित के फरार साथी की तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद वाहनों के संबंध में उनके वास्तविक मालिकों और चोरी के अन्य मामलों से कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

