home page

खंडहर बना था चोरी की बाइकों का ठिकाना, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
खंडहर बना था चोरी की बाइकों का ठिकाना, दो आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 21 सितंबर (हि.स.)। वाहन चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने पथरी क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पथरी पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर खंडहर में छिपाकर रखी गईं नौ चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में से चार के संबंध में पथरी और कनखल थानों में पहले से मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। अन्य वाहनों के संबंध में पुलिस सत्यापन कर रही है।

पुलिस के अनुसार, बिशनपुर झरड़ा निवासी राजेंद्र की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल 15 सितंबर को शाहपुर ठेके के पास से चोरी हो गई थी। मामले में तहरीर के आधार पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने वाहन चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, सुरागरसी-पतारसी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद 20 सितंबर को पथरी पुलिस टीम ने लक्सर रोड स्थित रविदास आश्रम के पास दो संदिग्धों को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शंखनाद कॉलोनी, लक्सर रोड के पास स्थित एक खंडहर में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, खंडहर में चोरी की आठ अन्य मोटरसाइकिलें छिपाकर रखी गई थीं। इन्हें भी बरामद कर लिया गया। इस तरह कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद नौ मोटरसाइकिलों में से तीन के संबंध में थाना पथरी में पहले से अभियोग दर्ज हैं, जबकि एक मोटरसाइकिल की चोरी का मुकदमा थाना कनखल में दर्ज है। शेष बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित थानों से संपर्क कर सत्यापन कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोबिन पुत्र वरुण सिंह (23 वर्ष) और आदित्य चौहान पुत्र प्रमोद कुमार (19 वर्ष), दोनों निवासी हर्शीवाला, थाना लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला