मानकों में खामियां मिलने पर व्हीकल स्क्रैपिंग सेंटर सील
हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। भगवानपुर के सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित व्हीकल स्क्रैपिंग सेन्टर में गंभीर खामियां मिलने पर संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन ने सेन्टर को सुधार होने तक सील कर दिया है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) देहरादून संभाग संदीप सैनी के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को मैसर्स आर.ए.जी. इंजन्स प्रा. लि. के व्हीकल स्क्रैपिंग सेन्टर का औचक निरीक्षण किया। टीम में एआरटीओ हरिद्वार निखिल शर्मा, एआरटीओ रुड़की कृष्ण पलड़िया एवं जितेन्द्र चन्द शामिल रहे।
निरीक्षण में संचालक मानकों के अनुसार कार्यरत कर्मचारियों का विवरण नहीं दे सका। सेन्टर में अधिकतर मशीनें नहीं थीं और जो थीं, वे भी पिछले कुछ महीनों से खराब पड़ी थीं।
वाहनों से तेल, ईंधन एवं अन्य हानिकारक तरल पदार्थ निकालने, उनके सुरक्षित भंडारण एवं निस्तारण में गंभीर कमियां मिलीं। बैटरी, एसी गैस एवं बिजली से जुड़े कचरे का प्रबंधन भी संतोषजनक नहीं मिला। वाहन उठाने वाली मशीन क्रियाशील नहीं मिली तथा आग बुझाने संबंधी सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं थी।
परिसर में कबाड़ एवं टूटे शीशे जमीन पर बिखरे मिले। वाहन कबाड़, भंडारण एवं कचरा निस्तारण के आवश्यक कागजात भी प्रस्तुत नहीं किए गए। निर्धारित मानकों के अनुरूप तकनीकी एवं प्रशिक्षित कर्मचारी भी नहीं पाए गए।
पर्यावरण एवं जनसुरक्षा को खतरे के दृष्टिगत सेन्टर पर वाहन कबाड़, विखण्डन एवं अन्य कार्य अगले निर्देशों तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। संचालक से स्पष्टीकरण लेने, कागजातों का सत्यापन कराने तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तकनीकी जांच कराकर आगे की कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
इसके अलावा एआरटीओ रुड़की व हरिद्वार को एक सप्ताह में अन्य व्हीकल स्क्रैपिंग सेन्टरों का भी निरीक्षण कर केवल मानकों का पालन करने वाले सेन्टरों का संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

