मेट्रोपोल वाहन पार्किंग में बन रही आठ सऔ वाहनों की पार्किंग
नैनीताल, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष दिनेश आर्य ने गुरुवार को नैनीताल में शत्रु संपत्ति पर निर्माणाधीन मेट्रोपोल वाहन पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि पेयजल निर्माण निगम लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना का निर्माण कर रहा है। प्रस्तावित पार्किंग में 605 चारपहिया और 202 दोपहिया वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। परियोजना को 18 माह में पूरा किया जाना है, जिसमें से अब तक दो माह का कार्य हो चुका है। योजना के अंतर्गत चीना बाबा चौराहे से मस्जिद चौराहे तक सड़क को 9 से 12 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे यातायात का दबाव कम होने और आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
दिनेश आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल नैनीताल में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना शहर की पार्किंग समस्या के समाधान तथा सुनियोजित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, अरविंद पड़ियार, मनोज जोशी, अमिता साह, जीवंती भट्ट, मीरा बिष्ट, मोहित साह, भूपेंद्र बिष्ट, रोहित भाटिया, विभागीय अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

