home page

तल्लीताल में पिकअप के ब्रेक फेल, वाहन मकान में घुसा

 | 
तल्लीताल में पिकअप के ब्रेक फेल, वाहन मकान में घुसा


नैनीताल, 17 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में जिला कलेक्ट्रेट रोड स्थित पुलिस लाइन के समीप शुक्रवार को एक पिकअप वाहन ने अनियंत्रित वाहन एक वाहन और एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया गया कि पहले यह एक बोलेरो वाहन से टकराया और उसे धकेलते हुए मकान में जा घुसा। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि बोलेरो और मकान को क्षति पहुंची है।

पुलिस के अनुसार पिकअप संख्या यूए01टीए-3126 नगर के शेरवुड क्षेत्र से विवाह संबंधी सामग्री लेकर आ रहा था, इस दौरान वह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक मदन राम निवासी हल्द्वानी ने बताया कि वाहन के ब्रेक फेल हो गये थे। फिर भी उसने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण खोने पर पिकअप खड़ी बोलेरो से टकरा गई और बोलेरो को बुरी तरह क्षतिग्रस्त करते हुए व बोलेरो को धकेलते हुए सामने स्थित एक मकान में घुस गई। दुर्घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस टक्कर से बोलेरो वाहन और मकान दोनों को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बच गए। बोलेरो स्वामी चक्रधर भट्ट ने प्रकरण में तल्लीताल थाना में शिकायत दर्ज कराई।

थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आया है तथा चालक ने क्षति की भरपाई करने की सहमति व्यक्त की है। फिर भी पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी