home page

ज्योतिर्मठ में शुरू हुई सब्जी विपणन योजना, किसानों की उपज सीधे आईटीबीपी को

 | 
ज्योतिर्मठ में शुरू हुई सब्जी विपणन योजना, किसानों की उपज सीधे आईटीबीपी को


ज्योतिर्मठ, 08 मई (हि.स.)। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में भद्रेश्वर कृषक उत्पादक संगठन की ओर से शुरू की गई सब्जी विपणन योजना के तहत स्थानीय किसानों की उपज अब सीधे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) को भेजी जाएगी।

सीमांत जनपद चमोली के काश्तकारों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तराखंड औद्यानिक परिषद और आईटीबीपी के बीच बीती 1 अप्रैल 2026 को स्थानीय काश्तकारों से सब्जी क्रय के लिए हुए अनुबंध के तहत शुरू की गई। इसी के अनुबंध के तहत उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने पहली खेप लेकर जा रहे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस व्यवस्था से स्थानीय किसानों को अपनी उपज का सीधा बाजार उपलब्ध होगा। इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ ही उन्हें विपणन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। पहली खेप में किसानों की ओर से 50 किलोग्राम मटर, 8 किलोग्राम लहसुन, 50 किलोग्राम राई, 5 किलोग्राम धनिया और 5 किलोग्राम चुकन्दर की आपूर्ति की गई, जिससे काश्तकारों को लगभग 9 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई।

स्थानीय काश्तकार मोहन सिंह कम्दी और सुखदेव सिंह ने कहा कि राज्य सरकार और औद्यानिक परिषद की यह पहल किसानों की आय मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बाजारों में भटकना नहीं पड़ेगा।

ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक सोमेश भंडारी ने बताया कि समझौते के तहत क्षेत्र के कृषक संगठनों को सब्जी विपणन व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है, जिससे स्थानीय किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय