प्रसार तंत्र और व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण मेरी प्रथम वरीयता : कुलपति डॉ. शिवेंद्र
हरिद्वार, 02 मई (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने कार्यभार संभालते ही प्रसार तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने शनिवार काे कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी, हरिद्वार का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया।
कुलपति ने केंद्र की विभिन्न सुविधाओं, फार्म और चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिकों से संवाद कर रोजगारपरक प्रशिक्षण, इन-सर्विस प्रशिक्षण, फील्ड डेटा संग्रहण की विधियों और उससे शोध पत्र प्रकाशित करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. कश्यप ने कहा कि प्रसार तंत्र पूरे विश्वविद्यालय की रीढ़ है, इसके बिना संस्थान का विकास संभव नहीं है। उन्होंने आगामी दौरों में लघु एवं सीमांत किसानों के लिए संचालित योजनाओं और उनके परिणामों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने की भी बात कही। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने केंद्र के वैज्ञानिकों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. कश्यप स्वयं भी प्रसार शिक्षा के विशेषज्ञ रहे हैं और कृषि विज्ञान केंद्रों में लंबे समय तक कार्य कर चुके हैं, जिससे उनके अनुभव का लाभ संस्थान को मिल रहा है।
उनके दौरे और संवाद से केंद्र के वैज्ञानिकों में नया उत्साह देखने को मिला। कुलपति ने सभी वैज्ञानिकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके कार्यों की सराहना की और केंद्र प्रभारी डॉ. पुरुषोत्तम की विशेष प्रशंसा करते हुए भविष्य की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर कुलपति ने केंद्र परिसर में रुद्राक्ष एवं सजावटी पौधों का रोपण भी किया। कार्यक्रम में डॉ. विनोद, डॉ. योगेंद्र सैनी, इंजीनियर उमेश कुमार सक्सेना, डॉ. रेनू, डॉ. सरिता सहित अन्य कर्मचारी विनोद, फकीर चंद और अमित उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

