home page

वीबी-जी राम जी योजना आत्मनिर्भर गांव और विकसित भारत के लिए रोडमैप: महेंद्र भटृ

 | 
वीबी-जी राम जी योजना आत्मनिर्भर गांव और विकसित भारत के लिए रोडमैप: महेंद्र भटृ


देहरादून, 21 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भटृ ने कहा है कि वीबी-जी राम जी योजना आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में एक महत्वपूर्ण कदम है। विपक्ष की प्रायोजित दुष्प्रचार गतिविधियां बेबुनियाद हैं।

महेंद्र भटृ ने बुधवार काे एक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का सपना साकार हुआ और अब ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘जी राम जी’ जैसे विचार सशक्त गांवों के निर्माण में आस्था और विकास का अद्भुत संगम हैं।

उन्होंने योजना से होने वाले लाभों का विवरण देते हुए कहा कि कार्यदिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है। योजना को जल संरक्षण, बुनियादी ढांचे, जलवायु परिवर्तन और आजीविका जैसे अन्य कार्यक्रमों से जोड़ा गया है। इसके तहत आपदा प्रबंधन के उपाय भी शामिल किए गए हैं।

महेंद्र भटृ ने कहा कि ग्राम पंचायतें अब अपने गांवों में विकास कार्यों पर निर्णय लेंगी। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से रोजगार का भुगतान 15 दिन में होगा, अन्यथा ब्याज मिलेगा। बजट को 1.5 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया है।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य दल ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा को भ्रष्टाचार का साधन बनाया था, जबकि वीबी-जी राम जी अधिनियम पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करेगा।

महेंद्र भटृ ने कहा कि विपक्ष को योजना के नाम में शामिल ‘राम’ शब्द से परेशानी है, जो दर्शाता है कि वे भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म के प्रतीकों को स्वीकार नहीं कर सकते। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस विरोध कमेटियां बनाती रहेगी, लेकिन ग्रामीण विकास इस योजना के साथ निरंतर आगे बढ़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय