home page

सरोवरनगरी में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया वट सावित्री व्रत

 | 
सरोवरनगरी में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया वट सावित्री व्रत


नैनीताल, 16 मई (हि.स.)। सरोवरनगरी नैनीताल में शनिवार को विवाहिता महिलाओं ने धार्मिक आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वट सावित्री व्रत रखा। महिलाओं ने अपने पतियों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में सुहागन महिलाएं पूरे दिन नगर की आराध्य देवी माता नयना के मंदिर सहित अन्य धार्मिंक स्थलों-मंदिरों में पहुंचीं और पंडितों के माध्यम से पूजा करायी, जबकि अन्य ने अपने घरों पर भी व्रत के साथ पूजा के अनुष्ठान किये।

उल्लेखनीय है कि वट सावित्री के पर्व पर माता सावित्री की कथा प्रचलित है, जिन्होंने अपने पति सत्यवान की मृत्यु होने पर यमराज से जिद कर अपने पति के प्राण लौटा लिये थे, जो कि भारतीय शास्त्रीय मान्यताओं में अपनी तरह की अनूठी घटना है। इसी मान्यता पर उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में परंपरागत तौर पर वट सावित्री का पर्व मनाया जाता है। इसके इतर यहां इसी तरह के अन्य व्रत-पर्व करवा चौथ मनाने की परंपरा नहीं रही है। अलबत्ता शहरों में अब करवा चौथ का प्रचलन भी दिख रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी