धार्मिक पर्यटन व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: पुष्कर सिंह धामी
-मुख्यमंत्री ने वाराही धाम के नव-निर्माण कार्यों का वर्चुअली किया शिलान्यास
देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मां वाराही का प्राचीन धाम सदियों से आस्था, श्रद्धा और शक्ति का केंद्र रहा है और यहां आयोजित होने वाला बग्वाल मेला वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत उदाहरण है, जिसे राज्य सरकार द्वारा राजकीय मेले का दर्जा दिया गया है। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और धामों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से वाराही धाम में मंदिर के नव-निर्माण कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वाराही धाम के नव-निर्माण कार्यों का शुभारंभ प्रदेशवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि मंदिर के नव-निर्माण से धाम को भव्य और आकर्षक स्वरूप मिलेगा और यह आस्था के साथ-साथ विकास और समृद्धि का प्रतीक बनेगा। उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चारधाम, शक्तिपीठ और अन्य धार्मिक स्थल सनातन संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं, जिनके संरक्षण और पुनरुत्थान का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। केदारखंड और मानसखंड क्षेत्र के मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास किया गया है, जबकि लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में कार्य प्रगति पर है। उन्होंने क्षेत्र में संचालित अन्य विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि लोहाघाट में आधुनिक एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में भवन एवं छात्रावास निर्माण सहित विभिन्न कार्य जारी हैं। रीठा साहिब क्षेत्र में सड़क सुधार कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं तथा अन्य संपर्क मार्गों पर भी कार्य प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीधुरा में पुलिस चौकी का निर्माण पूर्ण होने से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, जबकि लोहाघाट में फायर स्टेशन के प्रशासनिक भवन का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और डबल इंजन सरकार के तहत डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, वाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

