home page

वन्दे मातरम् कैंप का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा सहभागिता के साथ समापन

 | 
वन्दे मातरम् कैंप का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा सहभागिता के साथ समापन


-विभिन्न राज्यों के युवाओं ने लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की दी प्रस्तुति

देहरादून, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मेरा युवा भारत उत्तराखंड की ओर से देहरादून में आयोजित ‘वन्दे मातरम् कैंप 2026-27’ का मंगलवार को विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, व्यक्तित्व विकास सत्र और प्रतिभागियों के सम्मान के साथ समापन हुआ। कैंप में युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवा सहभागिता से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई।

समापन दिवस की शुरुआत प्रतिभागियों के लिए मेडिटेशन सत्र से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री की मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने ‘कम्युनिकेशन स्किल्स एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट’ विषय पर विशेष सत्र में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी संवाद और निखरा व्यक्तित्व युवाओं की पहचान और सफलता की नींव है। उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद कौशल विकसित करने तथा अपनी बात को प्रभावी ढंग से रखने पर जोर दिया।

कैंप में केरल, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान से आए प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित सामूहिक प्रस्तुतियां दीं। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता एक मंच पर दिखाई दी।

इसके बाद प्रतिभागियों ने एकल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। केरल की पारंपरिक कलरिपयट्टू और राजस्थान की रागिनी समेत विभिन्न प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों के बीच आपसी संवाद और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

समापन अवसर पर कैंप में सफलतापूर्वक भाग लेने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान डॉ. गोविंद सिंह, मेरा युवा भारत उत्तराखंड के राज्य निदेशक राहुल डबराल और उप निदेशक अविनाश सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी सहभागिता की सराहना की।

कैंप के दौरान युवाओं को राष्ट्रभक्ति, स्वयंसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय