ग्रामीणों की आजीविका सुधार की दिशा में कार्य करने पर दिया जोर
पौड़ी गढ़वाल, 19 अप्रैल (हि.स.)। वन विभाग की ओर से वन अग्नि सुरक्षा को लेकर वनाग्नि प्रभावित वन पंचायत कमेंडा के ग्रामीणों के साथ बैठक कर संवाद किया गया। इस दौरान
केंद्र सरकार से आए विशेष पर्यवेक्षक विद्या भूषण कुमार पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन एवं मानवाधिकार की ओर से वन अग्नि सुरक्षा को लेकर चर्चा की।
बैठक में ग्रीन इंडिया फंडेसन स्वयं सहायता समूह एवं उन्नत गढ़वाल स्वयं सहायता समूह की ओर से भी प्रतिभाग किया गया। इस दौरान वन पंचायतों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए वन पंचायत स्तर से लीसा वेदोहन को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पर जोर दिया गया।
वन पंचायत की ओर से लीसा विदोहन के कार्य को ग्रामीणों की सहायता से किए जाने और उसे अर्जित आय से ग्रामीणों की आजीविका सुधार की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया गया। लीसा विदोहन से दोहरे लाभ ग्रामीणों की आजीविका सुधार एवं पंचायती वनों को आग से सुरक्षित रखने की जानकारी विभागीय अधिकारियों द्वारा बैठक में ग्रामीणों को दी गई।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल रजत सुमन, प्रभागीय वनाधिकारी सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी पवन नेगी, उप प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी आयशा बिष्ट, वन क्षेत्राधिकारी पौड़ी रेंज नागदेव नक्षत्र, लव साह, वन क्षेत्राधिकारी पौड़ी शिवप्रसाद भटृ आदि मौजूद रहे। वन पंचायत कमेडा की सरपंच सावित्री मंगाई की ओर से विभाग के द्वारा वन पंचायतों को लीसा वेदोहन के कार्यों में प्रोत्साहित करने की सराहना की गई। बताया कि आने वाले समय में वन अग्नि से निपटने के साथ साथ वन पंचायतों को आजीविका से जोड़ने में यह कदम महत्वपूर्ण एवं कारगर सिद्ध होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

