वैशाखी स्नान: हरिद्वार में अलर्ट, मेला क्षेत्र 10 जोन और 33 सेक्टर में विभाजित
हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। वैशाखी स्नान एवं सद्भावना सम्मेलन को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को विस्तृत ब्रीफिंग दी। सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है, जबकि स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ नियंत्रण के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग सुनिश्चित किया गया है। मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर में कतार व्यवस्था सख्ती से लागू की गई है। महिला घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और जल पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग जारी है। घुड़सवार पुलिस की तैनाती के साथ पर्व अवधि में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड द्वारा 24 घंटे एंटी-सबोटाज चेकिंग की जा रही है। फायर सर्विस की चार यूनिट, जल पुलिस, टियर गैस स्क्वॉड और प्रिजन वैन को भी अलर्ट पर रखा गया है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ में तैनात किए गए हैं।
स्नान पर्व के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, अभिसूचना इकाई और बीडीएस टीम सहित अन्य बल तैनात किए गए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी कर्मियों को संयम, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने तथा श्रद्धालुओं के साथ शिष्ट और सौम्य व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

