home page

अपडेट -इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्या भारती ने फहराया परचम

 | 
अपडेट -इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्या भारती ने फहराया परचम


हरिद्वार, 25 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अनुप्राणित विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित विद्या मंदिरों में अध्यनरत विद्यार्थियों ने उत्तराखंड राज्य की बोर्ड परीक्षा में एक बार फिर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया है। इंटरमीडिएट की परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की बालिका गीतिका पंत ने राज्य में टॉप किया है, उसने 500 में से 490 (98 प्रतिशत) अंक प्राप्त किए हैं। हाई स्कूल में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चिनयाली सौड़,उत्तरकाशी के इशांत कोठारी प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहे हैं। उन्होंने भी 500 में से 490 (98%) अंक प्राप्त किए हैं।

यह जानकारी देते हुए विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को घोषित हुए उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षा परिणाम में विद्या भारती संचालित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इंटरमीडिएट परीक्षा (कक्षा 12) में टॉप 10 विद्यार्थियों में घोषित 25 विद्यार्थियों में से सात विद्यार्थी विद्या भारती के हैं, जबकि प्रदेश की मेरिट में टॉप 25 में शामिल कुल 105 विद्यार्थियों में से 39 विद्यार्थी विद्या भारती संचालित विद्यालयों से हैं। कक्षा 12 में मेरिट में पहले से लेकर चौथे स्थान पर विद्या भारती के विद्यार्थी काबिज रहे हैं।

इसी प्रकार हाई स्कूल (कक्षा 10) की परीक्षा में कुल टॉप टेन घोषित 38 विद्यार्थियों में से 13 विद्यार्थी विद्या भारती के विद्यालयों से हैं। जबकि टॉप 25 रहे कुल 207 विद्यार्थियों में से 73 विद्यार्थी विद्या भारती संचालित विद्यालयों के हैं।

विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह भंडारी तथा प्रदेश मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने मेरिट में स्थान बनाने वाले सभी विद्यार्थियों के साथ उनके प्रधानाचार्य, आचार्य व अभिभावकों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार