home page

अभिनेत्री उर्मिला सनावर को जमानत, मंगलवार को होगी रिहाई

 | 
अभिनेत्री उर्मिला सनावर को जमानत, मंगलवार को होगी रिहाई


-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और दो जमानतियों पर रिहाई के आदेश, जमानती पेश नहीं होने से मंगलवार को होगी रिहाई

हरिद्वार, 02 नवंबर (हि.स.)। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की ओर से दर्ज पांच करोड़ रुपये की रंगदारी और धमकी के मामले में आरोपित अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सोमवार को अदालत से जमानत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने जमानत प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए 50 हजार रुपये के निजी बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो जमानती प्रस्तुत करने पर रिहाई के आदेश दिए।

अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने बताया कि अदालत से जमानत मंजूर हो गई है, लेकिन जमानती मंगलवार, 3 नवंबर को पेश किए जाएंगे। इसके बाद ही रिहाई की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। ऐसे में उर्मिला सनावर को एक और रात जेल में बितानी होगी।

दीपिका राठौर ने 25 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। शिकायतकर्ता ने धमकी देने का आरोप भी लगाया था।

हरिद्वार पुलिस ने उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रोशनाबाद जेल भेज दिया गया था।

सुनवाई के दौरान अभियोजन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह आर्य ने आरोपित के खिलाफ दर्ज 10 पुराने मुकदमों का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया। हालांकि, अदालत ने कहा कि मामले में अधिकांश धाराएं जमानती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला