अब स्मार्ट मीटर बिजली बचत के साथ देगा अर्थ लीकेज की चेतावनी, सुरक्षा में बनेगा मददगार
देहरादून, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने उपभोक्ताओं की विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट मीटर में उपलब्ध अर्थ लीकेज चेतावनी सुविधा की जानकारी साझा की है। स्मार्ट मीटर अब केवल बिजली की खपत मापने का उपकरण नहीं, बल्कि घर की विद्युत सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यूपीसीएल ने मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि स्मार्ट मीटर में अर्थ लीकेज की स्थिति पहचानने की सुविधा उपलब्ध है। विद्युत तंत्र में लीकेज होने पर मीटर पर इसका संकेत प्रदर्शित होता है और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ता को तत्काल अलर्ट भेजा जाता है। इससे उपभोक्ता समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर संभावित विद्युत दुर्घटनाओं से बच सकता है।
निगम के अनुसार अर्थ लीकेज की समय पर जानकारी मिलने से बिजली के झटके और अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है। साथ ही वायरिंग में खराबी या लीकेज के कारण आग लगने जैसी घटनाओं के जोखिम को भी कम किया जा सकता है।
यूपीसीएल ने बताया कि अर्थ लीकेज से होने वाली अनावश्यक बिजली खपत पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आ सकती है। अलर्ट मिलने के बाद उपभोक्ता योग्य इलेक्ट्रीशियन से विद्युत वायरिंग और उपकरणों की जांच कराकर समस्या का समाधान करा सकते हैं।
निगम ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली उपयोग की बेहतर निगरानी, पारदर्शिता और सुरक्षा प्रदान करता है। यूपीसीएल का उद्देश्य निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ उपभोक्ताओं को सुरक्षित, जागरूक और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराना है।
यूपीसीएल ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्मार्ट मीटर पर अर्थ लीकेज का संकेत दिखाई देने या मोबाइल पर अलर्ट प्राप्त होने पर इसे नजरअंदाज न करें। तत्काल विद्युत वायरिंग और उपकरणों की जांच कराएं,ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
निगम ने कहा कि स्मार्ट मीटर अपनाकर उपभोक्ता बिजली की बचत के साथ सुरक्षा को भी मजबूत कर सकते हैं और तकनीक आधारित स्मार्ट भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

