home page

यूपीसीएल का बिजली सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति को लेकर विशेष अभियान

 | 
यूपीसीएल का बिजली सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति को लेकर विशेष अभियान


देहरादून, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यूपीसीएल के विद्युत वितरण खंड मोहब्बेवाला ने देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष विद्युत सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण अभियान चलाया है। अभियान के तहत जर्जर और क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को चिह्नित कर जरूरत के अनुसार नए पोल लगाए गए और मरम्मत कार्य कराया गया।

अभियान के दौरान प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों के अलावा बिधौली, कंडोली, सुद्धोवाला, मेहूंवाला माफी, शिमला बाईपास, बूढ़ीगांव, गणेशपुर, नयागांव, भाऊवाला, मांडूवाला, नौगांव, राजावाला और रामपुर आदि क्षेत्रों में बिजली पोलों का निरीक्षण किया गया।

बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरत वाले स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाए गए और कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई। कई जगह पुरानी नंगी तारों को हटाकर कवर्ड कंडक्टर लगाए गए। बिजली लाइनों के संपर्क में आ रही पेड़ों की शाखाओं की भी आवश्यकतानुसार लॉपिंग-चॉपिंग कराई गई।

यूपीसीएल के अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यों का उद्देश्य बिजली दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ उपभोक्ताओं को सुरक्षित और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। विभाग की ओर से विद्युत व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के आधार पर सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

--

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय