home page

पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, गणेश गोदियाल समेत कई हिरासत में

 | 
पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, गणेश गोदियाल समेत कई हिरासत में


देहरादून, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के कथित पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय गेट तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने गणेश गोदियाल समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं के बार-बार हो रहे पेपर लीक मामलों को युवा हितों पर कुठाराघात बताते हुए कहा है कि पिछले कुछ वर्षों से देश और प्रदेश में जिस प्रकार प्रतियोगी परीक्षाओं तकनीकी शिक्षा, नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जैसी परीक्षाओं मे पेपर परीक्षा से पूर्व लीक हो रहे हैं, उससे परीक्षा का आयोजन करने वाली एजेंसियों और भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है व पूर्व में हुई पेपर लीक की घटनाओं में सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता ने सभी प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को ही संदिग्ध बना दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार भर्ती परीक्षाओं और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की कमी दिखाई दे रही है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने सरकार पर परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि पेपर लीक की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।

उन्होंने मांग की कि मामले की न्यायिक जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भाजपा की केंद्र सरकार, राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शी और मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू करें। इससे पूर्व नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा तथा अब तकनीकी परीक्षा सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक, सॉल्वर गैंग, फर्जी परीक्षार्थियों तथा परीक्षा केंद्रों में अनियमितताओं के अनेक मामले सामने आए हैं जिनमें सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता गम्भीर चिन्ता का विषय है। इन घटनाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि परीक्षा प्रणाली में गंभीर खामियां मौजूद हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि भाजपा की सरकारों द्वारा हर वर्ष जांच और सख्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन फिर भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर लगातार प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन भी किया। बाद में पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ हरक सिंह रावत आदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री विजय सारस्वत, राजेन्द्र शाह, महामंत्री गोदावरी थापली, सुरेन्द्र रांगड़, नवीन जोशी, विरेन्द्र पोखरियाल, अश्विनी बहुगुणा, प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, मंजू त्रिपाठी, अभिनव थापर, सुजाता पॉल, याकूब सिद्धिकी, महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी आदि मौजूद रहे।

___

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल