पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति बने शिवेन्द्र कश्यप
देहरादून, 27 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर का नया कुलपति नियुक्त किया है।
सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, प्रो.कश्यप अपने कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, इस पद पर बने रहेंगे। वर्तमान में वे विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में कार्यरत हैं।
प्रो.कश्यप को कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, कृषि संचार विभागाध्यक्ष और कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इसके अलावा,वे विश्व बैंक पोषित एनएहेप परियोजना और डीएसटी-टीईसी परियोजना में प्रधान अन्वेषक के रूप में भी कार्यरत रहे हैं।
प्रो.कश्यप का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के एलइएपी कार्यक्रम के लिए हुआ, जिसके तहत उन्होंने हैदराबाद विश्वविद्यालय और मोनाश विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
वर्ष 2019 से वे विश्वविद्यालय की रैंकिंग टीम के अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में पंतनगर विश्वविद्यालय ने आईसीएआर रैंकिंग में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के बीच पहला स्थान हासिल किया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की। साथ ही विश्वविद्यालय ने वैश्विक क्यूएस रैंकिंग में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
एनएहेप परियोजना के अंतर्गत उन्होंने बहुविषयक टीम का नेतृत्व करते हुए 40 संकाय सदस्यों और 200 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र दिलाया। उनकी पहल पर विश्वविद्यालय में पंतनगर संग्रहालय, कोविड काल में 65 स्मार्ट कक्षाएं, वर्चुअल लैब और फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर जैसी सुविधाएं स्थापित की गईं।
प्रो. कश्यप ने 1500 से अधिक सॉफ्ट स्किल विकास सत्र आयोजित किए हैं। इसके साथ ही वे 25 से अधिक पुस्तकों और 55 शोध पत्रों के लेखक हैं और 75 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ संस्थागत नेटवर्क स्थापित कर चुके हैं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

