पतंजलि पहुंचे केंद्रीय मंत्री खट्टर, आचार्य बालकृष्ण से की चर्चा
हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पतंजलि योगपीठ का दौरा किया। इस दौरान पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण और श्री खट्टर के बीच राष्ट्रनिर्माण, सामाजिक विकास और राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने और भारतीय चिकित्सा पद्धति की गौरवशाली परंपरा को पुनर्स्थापित करने में आचार्य बालकृष्ण ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार बढ़ा है और नई पीढ़ी में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पतंजलि की ओर से योग, आयुर्वेद, स्वदेशी, शिक्षा, अनुसंधान, चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में संचालित गतिविधियों एवं परियोजनाओं की जानकारी ली। आचार्य बालकृष्ण ने उन्हें भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।
श्री धन्वन्तरि धाम को बनाया जा रहा ज्ञान और पर्यटन का केंद्र
आचार्य बालकृष्ण ने केंद्रीय मंत्री को पतंजलि के नव-निर्मित सेवा प्रकल्प श्री धन्वन्तरि धाम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर्बल वर्ल्ड-श्री धन्वन्तरि धाम को जड़ी-बूटियों और आयुर्वेद के केंद्र के साथ ज्ञान, प्रकृति, संस्कृति, पर्यटन एवं प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां नॉलेज पाथ, एंटरटेनमेंट पार्क और एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
उन्होंने बताया कि परिसर में साइकिलिंग ट्रैक के साथ साधना एवं ध्यान के लिए विशेष गुफाओं का निर्माण भी किया जा रहा है। यहां विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी, जिससे देश-विदेश के लोगों को भारतीय ज्ञान और संस्कृति से जोड़ा जा सकेगा। इस मुलाकात को राष्ट्रनिर्माण और सामाजिक विकास के साझा संकल्पों की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

