home page

उक्रांद ने कालाढूंगी से तारा सिंह नेगी को बनाया उम्मीदवार

 | 
उक्रांद ने कालाढूंगी से तारा सिंह नेगी को बनाया उम्मीदवार


देहरादून, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र से तारा सिंह नेगी को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।

पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने उम्मीदवार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उक्रांद आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती और संगठनात्मक एकजुटता के साथ लड़ेगा। दल का लक्ष्य प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है।

कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड की जनता के सामने क्षेत्रीय अस्मिता, मूल निवास, भू-कानून, रोजगार, पलायन और प्रदेश के संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार जैसे बुनियादी सवाल हैं। इनका राजनीतिक समाधान उत्तराखंड की क्षेत्रीय ताकत को मजबूत किए बिना संभव नहीं है। उक्रांद इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा और चुनाव को प्रदेश के वास्तविक सवालों पर केंद्रित करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही चुनावी तैयारियों को और तेज किया जाएगा। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से सीधे संवाद के आधार पर चुनाव अभियान संचालित किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, कुमाऊं प्रभारी एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष बहादुर सिंह रावत, महामंत्री विजय बौड़ाई, विधि प्रकोष्ठ प्रभारी राकेश बिंजोला और नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप चौहान उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय