सूर्य देवभूमि चैलेंज में दिखा साहस, धामी बोले-सीमांत विकास को मिलेगा बढ़ावा
-113 किमी हाई एल्टीट्यूड ट्रेल में सेना के जवानों व ट्रैकर्स ने दिखाया साहस
टिहरी, 20 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0’ के तहत 113 किमी हाई एल्टीट्यूड ट्रेल में सेना के जवानों और ट्रैकर्स ने उल्लेखनीय साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं, वहीं सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ाते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को गढ़वाल विश्वविद्यालय चौरास परिसर में भारतीय सेना और उत्तराखंड पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोज बद्रीनाथ, केदारनाथ सहित पंच केदार को जोड़ने वाले ऐतिहासिक मार्गों को पर्यटन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सेना के 100 जवानों के साथ देशभर से लगभग 200 साहसिक ट्रैकर्स ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने केदार-बद्री ट्रेल पर हेलंग से कलगोट, मंडल होते हुए उखीमठ तक 113 किलोमीटर की कठिन यात्रा पूरी कर साहस,धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में साहसिक पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में एंगलिंग, राफ्टिंग, कयाकिंग, ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग और माउंटेनियरिंग जैसी गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि औली से ऋषिकेश, मुनस्यारी से टिहरी झील तक राज्य का हर क्षेत्र साहसिक पर्यटन का केंद्र बन रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों के व्यापक नेटवर्क से आवागमन सुगम हुआ है और पर्यटन व व्यापार को मजबूती मिली है।
कार्यक्रम में मेजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि 113 किलोमीटर लंबी इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत 16 अप्रैल को बद्रीनाथ में एक्सपो से हुई, जबकि विभिन्न चरणों में मैराथन 17 से 19 अप्रैल तक आयोजित किए गए।
इस अवसर पर विधायक विनोद कण्डारी, मध्यकमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, कीर्तिनगर अंचला खण्डेवाल, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल,एसएसपी श्वेता चौबे, कुलपति प्रकाश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

