शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलनकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से मनाई इगास बग्वाल
-17 वर्षों से संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा मंच : जगमोहन सिंह नेगी
देहरादून, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने शुक्रवार को शहीद स्मारक पर पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ इगास (बग्वाल) का पर्व मनाया। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलन, मंगलगान, चोफला नृत्य और पारंपरिक भेलों जलाकर पर्व की खुशियां मनाई गईं। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों ने प्रदेश की खुशहाली और पहाड़ों में खेती-किसानी को फिर से बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।
शाम चार बजे से आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री अशोक वर्मा, बार काउंसिल अध्यक्ष राजबीर बिष्ट और मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी अतिथि के रूप में शामिल हुए। मातृशक्ति ने दर्जनों दीप जलाकर राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पहाड़ की पारंपरिक दाल पकौड़ी, स्वाल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। मंगलगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उपस्थित लोगों ने चोफला नृत्य किया और सूर्यास्त के बाद चीड़ की लकड़ी से बने भेलों को जलाकर चारों दिशाओं में घुमाया।
वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी पुष्पलता सीलमाणा, तारा पांडे और अरुणा थपलियाल ने कहा कि मंच पिछले करीब 17 वर्षों से उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। यह गर्व की बात है कि इस आयोजन के माध्यम से पारंपरिक त्योहारों को नई पहचान मिल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती और जयदीप सकलानी ने कहा कि इगास पर्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास सफल हो रहा है। राज्य आंदोलनकारी आश्रित प्रकोष्ठ ने भी प्रकाश व्यवस्था और आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में इगास के आयोजन जगह-जगह हो रहे हैं। अब जरूरी है कि पहाड़ों में खेती-किसानी को भी फिर से प्रोत्साहित किया जाए। स्थानीय पारंपरिक अनाज का उत्पादन बढ़ाकर लोगों को आत्मनिर्भरता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया जाना चाहिए।
प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती और बार काउंसिल सदस्य कुलदीप कुमार ने प्रदेशवासियों को इगास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सरकार को राज्य आंदोलन के इतिहास और प्रदेश की संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी राज्य आंदोलन के इतिहास को व्यापक स्तर पर सामने लाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी को पकौड़ी और मिष्ठान का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर केशव उनियाल, पृथ्वी सिंह नेगी, रामलाल खंडूड़ी, सतेन्द्र भंडारी, मोहन रावत, सुरेश नेगी, यशवंत रावत, वीरेंद्र पोखरियाल, जीतमणि पैन्यूली, पुष्कर बहुगुणा, आकाश रावत, हरी सिंह मेहर, मोहन थापा, जसप्रीत वालिया, प्रभात बड़थ्वाल, संतन रावत, मनमोहन नेगी, सतेन्द्र नौगाईं, सुनील जुयाल, पुष्पलता सीलमाणा, तारा पांडे, राधा तिवारी, रामेश्वरी नेगी सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

