नवरात्र पर मंदिर उद्घाटन से दिया आपसी सद्भाव का संदेश
हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र के पहले दिन श्री राम निस्वार्थ सेवा समिति ट्रस्ट ने धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर के पार्षद अहसान अंसारी ने श्री मां वैष्णो चमत्कारी मंदिर का उद्घाटन किया। इस पहल को विभिन्न धर्मों के बीच आपसी सम्मान और सामाजिक सौहार्द की मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
नवरात्र के शुभारंभ पर माता दीपकला नंदा देवी ने विशेष साधना शुरू की। वह कीलों की चौकी पर लेटीं और पेट पर रखी हांडी के ऊपर दीपक प्रज्वलित कर साधना प्रारंभ की। आयोजकों के अनुसार, यह साधना नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह छह बजे से अगले दिन सुबह चार बजे तक चलेगी।
इस अवसर पर पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि सामाजिक रिश्तों की मजबूती आपसी सम्मान और सद्भाव पर टिकी है। ऐसी पहल से हरिद्वार की गंगा-जमुनी तहजीब और मजबूत होगी। विभिन्न धर्मों के लोग एक-दूसरे की आस्था का सम्मान कर सामाजिक एकता को सशक्त बना सकते हैं।
कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष दीपक राम, रणवीर सैनी, चौधरी राजवीर सिंह, सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक अर्जुन लाल, सतीश, अखिल कुमार, रोहन बिरला सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

