आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना को मिली रफ्तार, जून तक पूरे होंगे लंबित कार्य
देहरादून, 03 जून (हि.स.)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना के लंबित कार्यों को जून 2026 तक पूरा करने के लिए समय-सीमा तय कर दी है।
बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सभी संबंधित विभागों को रजिस्ट्री, निर्माण कार्य और आधारभूत सुविधाओं के स्थानांतरण से जुड़े कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि लंबित रजिस्ट्रियों के निस्तारण के लिए प्रत्येक बुधवार और शनिवार को विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही परियोजना के शेष निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी कर जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपाध्यक्ष ने कहा कि जिन लोगों ने प्रतिकर राशि प्राप्त कर ली है, लेकिन अब तक कब्जा नहीं छोड़ा है, उनके मामलों का स्वयं स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। आवश्यक होने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत लाइनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के स्थानांतरण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया गया। एमडीडीए का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद देहरादून को आधुनिक और सुव्यवस्थित व्यापारिक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

