home page

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास-बग्वाल की दी शुभकामनाएं, लोक संस्कृति के संरक्षण का किया आह्वान

 | 
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास-बग्वाल की दी शुभकामनाएं, लोक संस्कृति के संरक्षण का किया आह्वान


राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास-बग्वाल की दी शुभकामनाएं, लोक संस्कृति के संरक्षण का किया आह्वान


देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को लोकपर्व इगास-बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। दोनों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई।

राज्यपाल डॉ. बिसेन ने अपने संदेश में कहा कि इगास-बग्वाल उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत से जुड़ा प्रमुख पर्व है। यह लोकआस्था, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे पर्व सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और जड़ों से जोड़ते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराएं अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास पर्व उत्तराखण्ड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोकआस्था, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को नई ऊर्जा मिल रही है। उत्तराखंड में भी इगास पर्व के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से इगास पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था की गई है,ताकि लोग अपने पैतृक गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मना सकें। मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं को जानने और उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी पैतृक गांवों में इगास मनाकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय