home page

उत्तराखंड के आठ जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

 | 
उत्तराखंड के आठ जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश


देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के आठ जिलों में भारी वर्षा के कारण फ्लैश फ्लड और जलभराव की आशंका को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के फ्लैश फ्लड गाइडेंस के आधार पर देहरादून,उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल,पौड़ी गढ़वाल,रुद्रप्रयाग,चमोली,बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 31 जुलाई तक कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते जोखिम जताया गया है।

एसईओसी ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सड़क बाधित होने पर तत्काल खोलने, राजस्व एवं ग्राम स्तर के कार्मिकों को अपने क्षेत्रों में तैनात रहने और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को संचार व्यवस्था सक्रिय रखने को कहा गया है।

निर्देशों में अधिकारियों और कर्मचारियों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और मोबाइल फोन बंद नहीं रखने के लिए भी कहा गया है,ताकि आपात स्थिति में त्वरित समन्वय बनाया जा सके।

आईएमडी के फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान इन जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और निचले इलाकों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों के समीप जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र अथवा टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 और आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करने को कहा है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय